आज की व्यस्तता भरी जिंदगी में हम इंसान अपने स्वास्थ्य का ठीक से ध्यान नहीं दे पा रहे। मनुष्य के जीवन में अच्छा स्वास्थ्य ही उसके जीवन की सबसे बड़ी पूंजी है। स्वास्थ्य को लेकर किसी भी प्रकार की (छोटी या बड़ी) परेशानी होने पर समय, पैसा और काम इन सबका नुकसान होता है।
किसी भी तरह की बीमारी में हमारा शरीर ही अपनी प्रतिरोधक क्षमता से खुद को दुबारा ठीक करता है, दवाएं और किसी भी दूसरे तरह का इलाज इसमें सहायक जरूर होते हैं लेकिन इन सब के अपने साइड इफेक्ट्स भी होते हैं। इसलिए किसी भी व्यक्ति के लिए स्वास्थ्य और सुख बनाये रखने के लिए सबसे बेहतर उपाय यही है की अपनी प्रतिरोधक क्षमता सही रखें ताकि किसी तरह की बीमारी से जल्दी ग्रसित न हो और अगर हो भी गए तो जल्दी ठीक हो पाएं।
अभी कोरोना संकट में भी जब की अब तक कोई दवा / वैक्सीन नहीं बन पायी है तो सभी विशेषज्ञों का यही कहना है की अपनी प्रतिरोधक क्षमता से ही हम खुद को न केवल कोरोना वायरस से लड़ सकते है बल्कि जीत सकते हैं।
ऐसे में सभी की व्यस्तता और आर्थिक स्थिति को ध्यान में रखते हुए, हमने स्वास्थ्य विशेषज्ञों की सलाह से सबके अच्छे स्वास्थ्य के लिए एक ” स्वस्थ दिनचर्या ” बनाई है। जिन्हें अपनाकर आप जीवनभर स्वस्थ और ख़ुश रह सकते हैं।
सुबह जल्दी उठें:
सुबह जल्दी उठने से आपको दिन के लिए ज्यादा समय मिलता है जिसमे आप बहुत कुछ कर सकते हैं, और अपने लिए बेहतर समय निकाल सकते हैं। सुबह उठने के कारण आपका शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य तो बेहतर होता और नींद की क्वालिटी बेहतर होती है। सेहत पर इतना अच्छा प्रभाव पड़ने से इंसान की प्रोडक्टिविटी भी बढ़ती है जिससे सफलता की सम्भावना बढ़ जाती है। कई रिसर्चेस में ये बात साबित हो चुकी है।
सुबह की सैर, व्यायाम और योग करें:
किसी भी प्रकार के व्यायाम की बात आती है तो ये सवाल आता ही सुबह या शाम कौन सा समय जयादा सही होता है? किसी भी समय पर व्यायाम करने से बेशक फायदे तो जरूर होते हैं लेकिन कुछ रिसर्चेस और विशेषज्ञों का मानना है कि सुबह के समय व्यायाम करना ज्यादा बेहतर है।
व्यायाम करने के फायदे :
- शुद्ध ऑक्सीजन मिलती है
- तनाव और डिप्रेशन जैसी समस्याओं से आराम मिलता है
- नींद की क्वालिटी अच्छी होती है।
- पाचन क्रिया अच्छी होती है और भूख बढ़ती है।
- वजन कम नियंत्रित रहता है।
- ब्लड सर्कुलेशन अच्छा होता है, त्वचा और बालों भी स्वस्थ होते हैं।
- इम्यून सिस्टम बेहतर होता है।
- शरीर में बल, नयी ऊर्जा और ताज़गी आती है।
रोजाना स्नान करें:
हेल्थ के लिए रोज नहाना बेहद जरुरी है, वैसे तो अलग अलग समय पर नहाने के कई तरीके हैं और सबके अपने फायदे भी है लेकिन संक्षिप्त में कहें तो नहाने से हमारे शरीर की गन्दगी साफ हो जाती है और मन तरोताजा हो जाता है, नई ऊर्जा मिलती है। और हम गन्दगी से होने वाले किसी भी परेशानी से बच जाते हैं साथ ही मनोवैज्ञानिक तरीके से भी अच्छा असर होता है।
ध्यान या आराधना करें:
आप चाहे किसी भी धर्म के हों, सभी धर्मों में प्रार्थना की जाती है या इससे हट के भी बात करें तो ध्यान करना योग का सबसे जरुरी हिस्सा है। तो अगर आप नास्तिक भी हैं तो ध्यान करें, इसका वैज्ञानिक कारन ये है की ध्यान सेरोटोनिन हार्मोन का अधिक उत्पादन होता है जिससे आपका मन शांत होता है, बेहतर व्यव्हार होता है , प्रतिरक्षा तंत्र में सुधार आता है ऊर्जा बढ़ती है। मन एकाग्र होता है और मष्तिष्क और मन सम्बन्धी सभी परेशानियों में लाभ मिलता है।
खाने से पहले ठीक से हाथ धोएँ:
हम लोग जाने अनजाने बहुत सी चीजें छूते हैं, जिनपे गन्दगी के साथ अलग अलग तरह के वैक्टीरिया और वायरस हो सकते हैं जो हमे ऐसे आँखों से नहीं दिख पाते इसलिए खाने से पहले हाथ धुलना जरुरी है क्यों की हाँथ के जरिये मुँह से होते हुए वैक्टीरिया /वायरस शरीर के अंदर न चला जाये, हाथ धुल लेने से हाथ साफ हो जाता है, और हमारी सेहत अच्छी रहती है।
भोजन:
अच्छा और हेल्दी खाना खाने की आदत डालें, कोशिश करें की खाना हमेशा ताज़ा ही खाएं। क्यों की भोजन ही हमारी सेहत को व्यवस्थित रखता है, हमे शक्ति देता है और हमारी प्रतिरोधक क्षमता को बनाये रखता है। ज्यादा तैलीय और जंक फ़ूड या प्लास्टिक बंद खाना खाने से बचें, ऐसा भोजन हमारी पाचन प्रणाली सहित पुरे स्वास्थ्य को बिगाड़ता है। संभव हो तो ज्यादा नॉन वेज खाने से भी परहेज करें।
खाना बैठ कर ही खाएं और ठीक से चबा चबा कर खाएं, जिससे खाना अच्छे से पच पाता है। हमारा भोजन जितना सुपाच्य होगा उतना ही हमारी सेहत के लिए अच्छा होगा।
“भोजन” अपने आप में बहुत विस्तृत विषय है जिसे संक्षिप्त में तो बताया नहीं जा सकता लेकिन फिर भी संक्षिप्त में अगर हम केवल इन छोटी -२ बातों का भी ध्यान दे तो हमे हमारे सेहत में बहुत अच्छा प्रभाव दिखेगा।
रात को समय पर सोएं:
नींद हमारे लिए वरदान है जो हमारे शरीर की पूरी व्यवस्था को नियंत्रित रखने में मदद करता है। कुछ लोगों को लेटते ही नींद आ जाती है। लेकिन कुछ लोगों को रोज रात को जल्दी सोने में परेशानी होती है। अच्छी नींद अच्छी सेहत के लिए बेहद जरुरी होती है।
- पाचन तंत्र सुचारू रहता है।
- शरीर का वजन संतुलित रहता है।
- तन और मन खुशमिजाज रहते हैं।
- एकाग्रता बढ़ती है।
- तनाव कम रहता है और डिप्रेशन का जोखिम कम होता है।
- सिर दर्द और अन्य अंगों के दर्द से राहत मिलती है ।
- रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ती है।
- ह्रदय स्वस्थ रहता है।
- शरीर का वजन संतुलित रहता है और आप तरोताजा महसूस करते हैं।
भरपूर पानी पिएं:
पानी हम सब के जीने के लिए बेहद जरुरी तो है ही साथ ही बहुत सी स्वास्थ्य समस्याओं का समाधान भी है। सिर्फ पानी पीकर आप खुद को स्वस्थ और उर्जावान बनाए रख सकते हैं।
- बॉडी डीटॉक्स करने में मदद करता है।
- स्लिम और फिट बनता है।
- शरीर में मेटाबॉलिज्म को बढ़ाती है और ऊर्जा बढ़ाता है।
- तनाव कम करने में सहायक।
- मांसपेशियों के लिए जरूरी।
- त्वचा और बालों के लिए फायदेमंद।
- किडनी के लिए फायदेमंद।
- हृदय के लिए बेहद फायदेमंद।
- दिमाग को शक्ति देता है और और अपनी एकाग्रता को बढ़ाते हैं।
नियमित स्वास्थ्य की जाँच करवाएँ:
नियमित स्वास्थ्य की जांच करवाना जरूरी है, जिससे अगर हमे किसी भी तरह की समस्या हो भी तो सही समय पर पता चल पाए और उसका इलाज करवाया जा सके। क्यों की दुनिया में ज्यादातर रोगों का इलाज संभव है अगर सही समय पर पता चल पाए तो। लेकिन अगर न पता चले तो छोटी सी परेशानी भी जानलेवा हो सकती है।
अपने सेहत के लिए सजग और जागरूक रहें।
अपने सगे – सम्बन्धियों और दोस्तों से अच्छे रिश्ते बनाये:
शरीर के स्वस्थ होने साथ हमारा मन भी स्वस्थ रहना चाहिए और भावात्मक रूप से मजबूत रहना चाहिए, इससे हमे लगातार प्रेरणा और ऊर्जा मिलती रहती है, ख़ुशी का एहसास होता है और अकेलापन नहीं महसूस होता। इसके लिए हमें अपने दोस्तों, रिश्तेदारों और करीबियों से अच्छे सम्बन्ध बनाने चाहिए। हम इंसान सामाजिक और भावात्मकता से भरे हुए होते है। हम मशीन नहीं हैं, हम सब की शारीरिक और आर्थिक जरूरत के साथ सामाजिक, मानसिक और भावात्मक जरुरत भी होती है।
अपने काम के साथ थोड़ा समय अपने रिश्तों के लिए निकालने की कोशिश करें, सिर्फ किसी एक के इर्द गिर्द अपनी दुनिया न बनाएं हम सब के जीवन में हर रिश्ते का अपना महत्व है और जरूरत है, इसे समझें।
रिश्तों को पूरी ईमानदारी और प्रेम के साथ निभाने की कोशिश करें, जिद, घमंड रिश्तों के सबसे बड़े दुश्मन होते हैं और इसे बस थोड़ी सी समझदारी से संभाला जा सकता है। यहाँ ये बात समझनी होगी की रिश्तो को दोनों तरफ से ही निभाया जाना चाहिए। अगर कोई आपसे न जुड़ना चाहे तो अपना आत्म सम्मान न खोएं क्यों की जबरजस्ती के रिश्ते आपको परेशान ही करते हैं।
नशा एवं बुरी आदतों से दुरी रखें:
वेस्टर्न कल्चर और ज्यादातर मीडिया में ग्लैमरस रूप से दिखाए जाने पर या कुछ गलत सांगत में पड़ने से लोग अक्सर नशा और अलग अलग तरह की बुरी आदतों से आकर्षित हो कर उनमे फँस जाते हैं। कोई भी ऐसी आदत अचानक से नहीं लगती इसलिए ऐसी आदत शुरू करने से पहले खुद सोचें। एक चीज जो आपको नशे में डाल देगी और फिर आपका दिमाग ठीक से काम नहीं करेगा वही दिमाग जो आपके पुरे शरीर को और होने वाली हर हरकत हो नियंत्रित करता है वो ही काम नहीं करेगा तो वो आदत किसी भी तरीके से आपके लिए और आपकी सेहत के लिए ठीक कैसे हुई ?
हम सभी को पता है की नशा (धूम्रपान,शराब, ड्रग्स आदि) हमरी प्रतिरोधक क्षमता को कमजोर करता है। और कई सारे रोगों का कारन बनता है जैसे कैंसर, किडनी या साँस की बीमारी। नशे में धुत लोग अक्सर गुनाह तक कर जाते हैं, कइयों के साथ दुर्घटना भी हो जाती है और मौत तक हो जाती है।
ऐसी आदतों में सेहत, समय और पैसा और इज्जत चारों बर्बाद होते हैं, ये वही चार चीजे हैं जिन्हे पाने के लिए इंसान पूरी जिंदगी परेशान रहता है।
********************
ऊपर बताई गई दिनचर्या को अपना कर कोई भी निश्चित रूप से स्वस्थ रहेगा और इसमें किसी भी प्रकार के अलग से खर्च या कोई बहुत मुश्किल प्रयास की जरुरत नहीं है। किसी भी वर्ग (गरीब, मध्यम और अमीर) के लिए ये बहुत ही सरल उपाय है।
खुद की सेहत के लिए जागरूक रहें, सतर्क रहें और स्वस्थ रहें।
By: Hemant Kumar Viswakarma (Hemant Hemang)